गुरसहायगंज। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अफसरी में बुधवार की रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। चोरों ने एक शिक्षक के घर से तीन लाख रुपये के जेवर और 40 हजार की नकद चुरा लिए। वहीं दो अन्य घरों से घरेलू सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित मोहल्ला अफसरी में शिक्षक अमित कुमार परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। वह घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। देर रात चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया। ताला न टूटने पर उन्होंने कुंडा तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने बेडरूम का ताला तोड़कर अलमारी खंगाली। अलमारी के लॉकर में रखे तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर, जिसमें अंगूठी, चेन और अन्य सामान शामिल थे। साथ ही 40 हजार कद लेकर चोर रफूचक्कर हो गए।
शिक्षक के घर के अलावा चोरों ने कुछ ही दूरी पर स्थित दिनेश चंद्र गुप्ता और भोगी लाल सविता के बंद मकानों को भी निशाना बनाया। इन दोनों घरों के ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे और वहां से कुछ घरेलू सामान चुरा ले गए। गनीमत रही कि इन घरों में नकदी या जेवरात नहीं थे, जिससे बड़ा नुकसान होने से टल गया। सुबह जब पड़ोसियों ने तीनों मकानों के दरवाजे खुले देखे तो उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त निरीक्षक सीपी तिवारी और चौकी इंचार्ज दीपक चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।