सरायमीरा स्थित लोहिया चौराहे पर चल रहे रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के दौरान पाइपलाइन फटने से जलापूर्ति ठप हो गयी है। इससे इलाके के दर्जनों परिवारों को तीन दिन से पानी नहीं मिल रहा है। लोग किसी तरह हैंडपंपों से पानी भरकर काम चला रहे हैं।
रविवार को पानी नहीं मिलने पर नाराज युवकों ने कन्नौज-सरायमीरा मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया पर उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया।
सरायमीरा-कन्नौज मुख्य मार्ग पर सदर ब्लाक के पास ओवरब्रिज के लिए निर्माण कार्य चल रहा है। मोहल्ले के शिवम तिवारी का कहना है कि तीन दिन पहले ओवरब्रिज के लिए सदर ब्लाक के पास सेतु निगम की मशीन से खुदाई कराई गयी थी। इससे पाइपलाइन फट गयी। शिकायत के बाद भी इसे नहीं जोड़ा गया।
जलापूर्ति ठप होने से मोहल्ले में पानी के लिए कोहराम मचा हुआ है। मयंक तिवारी का कहना है कि पानी के लिए सदर ब्लाक में लगे हैंडपंप पर जाना पड़ रहा है। जलापूर्ति बहाल करने के लिए पालिका प्रशासन ने सेतू निगम का काम कहकर हाथ खड़े कर दिए हैं। जबकि जिला प्रशासन को भी मामले से अवगत कराया जा चुका है।
जल्द ही समस्या से निजात न दिलाई तो मोहल्ले वासियों को आंदोलन करने पर विवश होना पड़ेगा। अनूप बाजपेई का कहना है कि मोहल्ले के लोगों ने दोपहर में काम रुकवाकर कन्नौज रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया।
जिसे शांत करा दिया गया। लेकिन समस्या से निजात न मिली तो लोगों का गुस्सा सड़क पर फूटेगा। आमोद शर्मा का कहना है कि पालिका प्रशासन की उपेक्षा से यह समस्या पैदा हुई है।
ओवरब्रिज निर्माण को कराई गयी खुदाई से पाइपलाइन के अलावा टेलीफोन लाइन भी कट गयी। इससे दर्जनों उपभोक्ताओं के फोन डेड हो गए।
इस मार्ग पर आधा दर्जन बैंकों की शाखाएं हैं। उधर शिकायत मिलने पर टेलीफोन एक्सचेंज के कर्मचारियों ने रविवार दोपहर बाद मौके का निरीक्षण किया और लीकेज ठीक होने के बाद समस्या से निजात दिलाने का भरोसा दिया।