तालग्राम के बिजली उप केंद्र पर पांच एमवीए के
ट्रांसफार्मर की जगह 10 एमवीए ट्रांसफार्मर स्थापित करने का काम शुरू हो
गया है। आने वाले दिनों में कस्बे के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को
भी भरपूर बिजली मिलेगी। फिलहाल फिटिंग कार्य से तीन दिन तक बिजली कटौती
झेलनी पडे़गी।
कई बार धरना प्रदर्शन और घेराव के बाद आखिरकार तालग्राम
के बिजली उप केंद्र पर गुरुवार को एसडीओ गजेंद्र सिंह, जेई उपेंद्र राज व
ठेकेदार की देखरेख में ट्रांसफार्मर की फिटिंग कार्य शुरू कराया गया। एसडीओ
ने बताया कि तालग्राम बिजली उप केंद्र पर पांच-पांच एमवीए के दो
ट्रांसफार्मर लगे थे।
इससे कस्बे, भोजापुर और ताहपुर का एक फीडर, अतरौली
अंधौआ के एक फीडर के लिए आपूर्ति होती थी। क्षमता कम होने से तालग्राम व
ताहपुर में बिजली की लो-वोल्टेज व आए दिन फाल्ट की समस्या पैदा होती थी। 10
एमवीए का ट्रांसफार्मर मुहैया होने के बाद तालग्राम भी आ गया है। अब पांच
एमवीए का ट्रांसफार्मर हटा दिया गया है।
उसके स्थान पर 10 एमवीए का
ट्रांसफार्मर रखने के लिए फाउंडेशन का निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार
की सुबह नया फाउंडेशन बनाकर ट्रांसफार्मर फिट कर दिया जाएगा। इस
ट्रांसफार्मर से तालग्राम, ताहपुर, भोजापुर फीडर से जुड़े रसूलाबाद,
अकरमाबादर, सलेमपुर, अलमापुर, जरामऊ, गदनापुर समेत दर्जनों गांव जुड़ेंगे।
इसके अलावा पांच एमवीए के हटाए गए ट्रांसफार्मर से केवल अतरौली और अंधौआ के
फीडर का संचालन कराया जाएगा। जेई उपेंद्र राज ने बताया कि पूरी क्षमता से
सप्लाई शुरू करने में करीब तीन दिन का समय लगेगा। ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग
के लिए कंपनी के इंजीनियर शुक्रवार की शाम तक आ जाएंगे।