छिबरामऊ (कन्नौज)। इलाके केग्राम लड़ैता स्थित गोशाला में तीन गोवंशों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने गोशाला में भूसा और दाना न होने का आरोप लगाया है। गोशाला में गोवंशों की मौत की सूचना से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आननफानन चिकित्सक और पंचायत सचिव मौके पर पहुंच गए।
हमीरपुर रोड पर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के सामने स्थित गोशाला में शुक्रवार को तीन गोवंशों की मौत हो गई। इनमें दो गाय और एक गोवंश था। मृत गोवंश के पैर में रस्सी बांधकर केयरटेकर खींचकर ले गया। गोवंशों की मौत की सूचना से अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
आननफानन कार्यवाहक उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन सिंह मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में पंचायत सचिव प्रदीप सिंह भी पहुंच गए। जानकारी पाकर एसडीएम देवेश कुमार गुप्त भी आ गए। उन्होंने केयरटेकर से गोवंशों के संबंध में जानकारी ली। पंचायत सचिव को यहां की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि गोशाला में न तो भूसे का इंतजाम है, न ही दाने का। गोशाला में कुछ हिस्से में ही टिन शेड पड़ा है। गुरुवार को पूरे दिन हुई बारिश में गोवंश भीगते रहे। ग्रामीणों ने बताया कि पशु चिकित्साधिकारी भी जानवरों का उपचार करने के लिए हर रोज नहीं आते हैं। इस संबंध में एसडीएम देवेश कुमार गुप्त ने बताया कि गोशाला में एक गोवंश की मौत होने का मामला सामने आया है। दो गोवंशों का उपचार किया जा रहा है।
मौत का आंकड़ा छिपाने में लगे अफसर
गोशाला में तीन गोवंशों की मौत का मामला सामने आया है। इनके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। नाकामी को छुपाने के लिए अफसर मौत का आंकड़ा छुपा रहे हैं। अफसर ऑफलाइन तीन गोवंशों की मौत होने की बात स्वीकार कर रहे हैं। रिकार्ड में एक गोवंश की मौत होने की बात कह रहे हैं। हालांकि उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी दो गोवंशों की मौत की बात मान रहे हैं।
पेट फूलने से हुई गोवंशों की मौत
उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन सिंह ने बताया कि दो गोवंशों की मौत हुई है। इनका पोस्टमार्टम भी कराया गया है। इनकी मौत पेट फूलने के कारण हुई है।
प्रधान बोले, अभी तक नहीं मिली गोशाला की जिम्मेदारी
लड़ैता के प्रधान पवन यादव ने बताया कि उन्हें प्रधान बने पांच माह का समय बीत चुका है। अभी तक ब्लाक के अधिकारियों ने गोशाला की जिम्मेदारी नहीं सौंपी है। पूर्व प्रधान ही यहां की व्यवस्थाओं को संचालित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गोशाला में तीन गोवंशों की मौत हुई है।