विशुनगढ़। अन्नप्राशन संस्कार से मंगलवार को लौट रहे दो युवकों की हादसे में मौत के बाद से सेमलपुर गांव में मातम पसरा है। बुधवार को दोनों युवकों के शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई।
विशुनगढ़ क्षेत्र के सेमलपुर गांव निवासी गोविंद पुत्र आर्यन के अन्नप्राशन संस्कार के लिए नीम करोरी धाम गए थे। कार्यक्रम में रिश्तेदारों के अलावा गोविंद का दोस्त भुवनेश व खबरिया निवासी अर्जुन भी परिवार के साथ पहुंचे थे। अन्न प्राशन संस्कार के बाद खाना खाने के दौरान पानी न होने पर भुवनेश व अर्जुन बाइक लेकर मोहम्मदाबाद संकिसा मार्ग पर लगे हैंडपंप से पानी लेने गए थे। तभी टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में अर्जुन (25) की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि भुवनेश की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
सड़क हादसे का शिकार भुवनेश का एक दो साल का बेटा हर्ष व अर्जुन के एक साल की बेटी अनन्या व छह माह की परी है। शव पर परिजनों की चीख पुकार करते देख बच्चे पिता के चेहरों को इस आस में ताक रहे थे कि पिता उठकर उन्हें गोद में लेकर दुलार करेंगे। सहमे हुए मासूम बच्चों की हालत देख लोग आंखों से आंसू नहीं रोक पा रहे थे।