फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: एक्सप्रेसवे पर हर एक किलोमीटर में 20 गड्ढे

विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। प्रदेश के पहले एक्सप्रेसवे पर सफर सुरक्षित नहीं रह गया है। कहने को एक्सप्रेसवे है पर वर्तमान में इसके हालात एक सामान्य सड़क की तरह हैं। हर एक किलोमीटर में 20 छोटे-बड़े गड्ढे हैं, जो हादसों का सबब बन रहे हैं। प्रतिदिन वाहनों से दो करोड़ रुपये का टोल टैक्स वसूला जा रहा है। इसके बावजूद एक्सप्रेसवे दुर्दशा का शिकार है। यूपीडा ने मेंटीनेंस के लिए दो हजार करोड़ रुपये सालाना का ठेका दिया है, फिर भी बृजगोपाल कांस्ट्रक्शन कंपनी देखभाल नहीं कर पा रही है।
विज्ञापन

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 21 नवंबर 2016 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया था। तब से लेकर आज तक इसका नवीनीकरण नहीं किया गया है। हर साल मेंटीनेंस कंपनी मरम्मत करती है। बरसात में गड्ढे हो जाते हैं।
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलेपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) ने एक्सप्रेसवे के रखरखाव के लिए एक कंपनी को नियुक्त किया है। मई 2025 तक मेंटीनेंस का ठेका आरजीजीबीएल के पास रहा। इसके बाद पांच साल के लिए बृजगोपाल कांस्ट्रक्शन कंपनी को दे दिया गया, जो प्रतिवर्ष दो हजार करोड़ रुपये से एक्सप्रेसवे की सेहत सुधारेगी।
विज्ञापन

जिले में तालग्राम कट किलोमीटर 172 से तिर्वा कट किलोमीटर 193 तक छोटे-बड़े सैकड़ों गड्ढे हैं। इस वजह से प्रतिदिन हादसे हो रहे हैं। कोई वाहन डिवाइडर या साइड रेलिंग से टकरा जाता है तो इसके पीछे झपकी आने की बात कही जाती है। जबकि कई हादसों के लिए गड्ढे भी कारण होते हैं। तेज रफ्तार वाहन का पहिया जब इन गड्ढों में पड़ता है तो वाहन अनियंत्रित हो जाता है।
वहीं, गड्ढों की गिट्टी बिखर कर पीली पट्टी के पास फैल जाती है, जो बाइक सवारों को दर्द दे रही है। एक्सप्रेसवे से प्रतिदिन सरकार के कई मंत्री, आला अधिकारी और यूपीडा के अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन कोई इसके जख्म को देख नहीं रहा है। राजेश पांडेय, नोडल अधिकारी (यूपीडा) का कहना है कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के नवीनीकरण की रूपरेखा तैयार की जा रही है। दूसरी मेंटीनेंस कंपनी को ठेका दिया गया है, जो अलग-अलग सेक्शन में मरम्मत का काम कर रही है। एक्सप्रेसवे को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

सपा ने लगाया एक्सप्रेसवे की उपेक्षा का आरोप
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गड्ढों को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और फेसबुक पर पोस्ट कर उन्होंने लिखा कि...भाजपा राज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पूरी तरह से उपेक्षित किया जा रहा है। सबसे कम समय में सबसे अच्छे एक्सप्रेसवे के रूप में बनने पर पूरे देश के लिए डिजायन, टेक्नोलॉजी और क्वाॅलिटी के लिए उदाहरण बना था आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे। अब उसकी देखभाल तक भाजपाई नहीं कर पा रहे हैं। हर दिन जो दो करोड़ रुपये का टोल वसूला जा रहा है, वो किस गड्ढे को भर रहा है! यदि तुरंत सुनवाई नहीं हुई और रिपेयरिंग का काम शुरू नहीं हुआ तो हर गड्ढे में एक सामाजिक कार्यकर्ता को खड़ा करते सोती हुई भाजपा सरकार का ध्यानाकर्षण किया जाएगा।
विज्ञापन


फोटो :07: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तालग्राम कट के पास विशालकाय गड्ढा। संवाद

फोटो :08: एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 177 के पास इस गड्ढे से हो रहे हादसे। संवाद

फोटो :09: सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर की पोस्ट। स्रोत : सोशल मीडिया
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें