मानीमऊ। गंगा दशहरा पर बिक्री के लिए दुकानदार ने गुटखा, सिगरेट व अन्य सामान बाजार से लाकर रखा था। रात में दुकान बंद कर घर चला गया। सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो दुकान का ताला टूटा मिला और सामान गायब था। शनिवार को भी चौकी क्षेत्र के तिखवा में किराना दुकान से चोरी हो चुकी है।
चौकी क्षेत्र के मियांगंज निवासी विजय कुमार प्रजापति (32) ने बताया कि दशहरा मेला को लेकर उसने तीन हजार का गुटखा, सिगरेट लाकर रविवार की रात दुकान में रखा था। इसके अलावा करीब सात सौ रुपये की नकदी गोलक में थी। सोमवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचा तो ताला टूटा हुआ पाया। आसपास के दुकानदारों से पूछने पर पता चला कि पड़ोसी दुकानों को भी तोड़ने का प्रयास किया गया लेकिन चोर सफल नहीं हो सके। दुकानदारों ने मौके पर ग्राम प्रधान को बुलाया और काफी खोजबीन की।
आरोप है कि गांव के ही 13 वर्षीय किशोर ने अपने तीन सहयोगियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है। दुकानदारों ने बताया कि मेहंदीघाट चौकी पुलिस ने एक किशोर को हिरासत में लिया है। वहीं शनिवार को तिखवा गांव निवासी सुबोध की किराना दुकान में भी सेंध लगाकर चोरी हो गई थी। क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से नागरिकों में खलबली है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।