चोरों द्वारा तोड़ी गई एटीएम मशीन।
- फोटो : CHIBRAMAU
सिकंदरपुर। कस्बे में पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर जीटी रोड किनारे एटीएम (ऑटोमेटिड टेलर मशीन) को तोड़कर चोरों ने रुपये निकालने का प्रयास किया। चोर शटर तोड़कर अंदर घुसे थे। इन्होंने एटीएम क्षतिग्रस्त कर दिया। यह मशीन में रखे कैश तक नहीं पहुंच सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कस्बे में एक साल पहले हिताची कंपनी ने महेश चंद्र गुप्ता के मकान में ऑटोमेटिड टेलर मशीन लगाई थी। बुधवार रात चोरों ने केबिन के शटर का ताला तोड़ दिया। इसके बाद अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने रुपये चोरी करने के लिए मशीन को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। चोर कैश चोरी नहीं कर पाए।
गुरुवार सुबह महेश चंद्र का बेटा मोंटू केबिन में झाड़ू लगाने पहुंचा। एटीएम की जाली टूटी देख वह दंग रह गया। जानकारी पर सीओ शिव कुमार थापा व कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली। इस संबंध में एएसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। केबिन में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
केबिन में मिले एटीएम कार्ड को ले गई पुलिस
जीटी रोड किनारे एटीएम से चोरी के प्रयास की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस को केबिन में एटीएम कार्ड मिला। इसे पुलिस अपने साथ ले गई। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज का इंतजार कर रही है। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।