कस्बे में चोरों ने दो शराब व एक सर्राफ की दुकान का शटर तोड़कर हजारों रुपये का माल चोरी कर ले गए। सुबह तीन दुकानों के शटर टूटे देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पहुंचे कोतवाल ने दुकानों का निरीक्षण किया। इधर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय व्याप्त है। कोतवाल ने जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
जीटी रोड के किनारे रामेश्वरी देवी पत्नी निर्मल कटियार निवासी कछियापुर कन्नौज की देशी शराब की दुकान है। मंगलवार की रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर उससे 19 पेटी, 33 क्वाटर शराब व गोलक में रखे 8660 रुपये चोरी कर ले गए। इसी तरह समीप स्थित नन्हीं कटियार पत्नी मनोज निवासी बिचपुरिया कन्नौज की अंग्रेजी शराब की दुकान का शटर तोड़कर चोर शराब के साथ करीब दस हजार रुपये चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने सदर बाजार स्थित मुकेश तिवारी के सर्राफ की दुकान पर धावा बोला और शटर तोड़कर दुकान के अंदर घुसे।
दुकान में रखी अलमारी तोड़कर चोर करीब पांच हजार रुपये नकद व साढ़े तीन सौ ग्राम चांदी चोरी कर ले गए। चोरी की घटना की जानकारी सुबह लोगों को हुई। इसके बाद सूचना दुकान मालिकों को दी गई। जानकारी पाकर गुरसहायगंज कोतवाल संतोष सिंह व्यास, जसोदा चौकी के सिपाही रमेश यादव, संतोष यादव मौके पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। पीड़ितों ने गुरसहायगंज कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस बारे में एसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि चोरी की घटनाएं अचानक बढ़ी हैं। चोरों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। जल्द ही चोर पकड़े जाएंगे।