सदर तहसील में गुरुवार को हुए कार्यक्रम में श्रम
विभाग में पंजीकृत 250 श्रमिक पुरुषों और महिलाओं को जिलाधिकारी अनुज कुमार
झा, सीडीओ उदयराज यादव सहित जनप्रतिनिधियों ने साइकिलों का वितरण किया।
श्रमिक साइकिलों को पाकर बेहद खुश नजर आए।
इस दौरान श्रमिकों को श्रम
विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को बारे में बताते हुए उनको अपने गांव
क्षेत्र के लोगों को इन योजनाओं के बारे में बताने को जागरूक किया गया।
डीएम ने कहा कि योजना से अभी तक पांच सौ श्रमिकों को साइकिल सहायता योजना
से लाभान्वित किया जा चुका है।
कहा कि 31 मार्च तक दो हजार श्रमिकों को
लाभान्वित करने का लक्ष्य है। श्रमिकों को श्रम विभाग कार्यालय, ब्लाक एवं
तहसील स्तर पर अपना पंजीकरण अवश्य कराने को प्रेरित किया। कहा कि वह अपने
गांव क्षेत्र में जाकर इन योजनाओं के बारे में चर्चा करें, ताकि दूसरों को
भी इसका लाभ मिल सके।
मातृत्व हित लाभ योजना, शिशु हित लाभ योजना, बालिका
मदद योजना, दुर्घटना सहायता योजना के बारे में बताया। सीडीओ उदयराज
यादव ने कहा कि श्रमिकों के हितों के लिए संचालित योजनाओं में पर्याप्त धन
की व्यवस्था की गई है। दो प्रतिशत धनराशि निर्माण कार्यों की सरकार द्वारा
श्रमिकों के हितों के लिए संचालित योजनाओं में उपयोग किया जाता है।
कहा कि
श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खातों में भेजा
जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा हर वर्ग के लिए महिलाओं के लिए जननी सुरक्षा
एवं मातृत्व हित लाभ योजना, किसानों हेतु किसान दुर्घटना बीमा योजना सहित
अन्य योजनाओं को संचालित किया जा रहा है।
सदर विधायक अनिल दोहरे ने कहा कि
सरकार की मंशा है कि श्रमिक, किसान, मजदूरों के जीवन स्तर को सुधारा जाए।
जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा ने कहा कि जनकल्याणकारी एवं लाभकारी योजनाओं से
गरीबों के स्तर को बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
संजू कटियार ने कहा कि
सरकार में श्रमिकों के लिए कई हितकारी योजनाएं चलाई गई हैं। जिसका उनको
सीधा लाभ मिला है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य संतोष यादव, एसडीएम सुनील
शुक्ला, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शिवशंकर पाल, मुदस्सर हसन, फिरोज खां, आसिफ
समेत अन्य मौजूद थे।