हसेरन। निचली गंग से निकाले गए सहरोई रजबाह की आधी अधूरी सफाई कराकर नहर विभाग पानी छोड़ दिया। सही ढंग से सफाई न कराने पर रजबहा में कटान होने से बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष किशई जगदीशपुर निवासी राजकुमार सिंह की 30 बीघे गेहूं जलमग्न हो गया। उनके अलावा अन्य किसानों के खेतों में भी पानी पहुंचने से फसलों के नष्ट होने की संभावना है।
इलाके के किसान देवेंद्र सिंह ने बताया कि निचली गंग से निकाला गया सहरोई रजबहा किशई जगदीशपुर, नगला तेज, नंदपुर खिरिया होते 15 किलोमीटर दूर ईशन नदी में जाकर गिरता है। हाल ही में नहर विभाग द्वारा रजबहा की सफाई शुरू कराई गई थी पर कुछ ही दूरी तक सफाई कराई और कागजों में पूर्ण दर्शाकर काम बंद करा दिया गया। जगह-जगह झाड़ियां व गंदगी के बीच ही नहर विभाग ने रजबहा में पानी छोड़ दिया। रुकावटों के कारण कई जगहों पर रजबहा कटने से पानी खेतों में पहुंच गया। अत्यधिक मात्रा में पानी पहुंचने से फसलों में नुकसान की संभावना है।
इलाके के किसान सतेंद्र दीक्षित ने बताया कि पानी की अव्यवस्थित आपूर्ति से किसानों के खेत जलमग्न हो गए है। वहीं, कई स्थानों पर सिंचाई पूरी तरह से ठप है। इससे किसान बेहाल हैं। लगातार शिकायतें की जा रही है पर नहर विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। किसान श्याम सिंह, हरिओम, सुनील, सौरभ सिंह आदि ने लापरवाही की जांच कराकर फसल में हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। एक्सईएन सूर्यमणि सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।