शहर के मोहल्ला सरायमीरा स्थित सराय गली में बारावफात
जुलूस के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हो गई।
इसके बाद जमकर ईंट-पत्थर चले। इससे आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मामले में
तीन मुकदमे सदर कोतवाली में दर्ज किए गए हैं।
घायलों को उपचार के लिए
जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार को सरायमीरा के सराय गली से
बारावफात का जुलूस निकल रहा था। जुलूस के पीछे चल रहे कुछ युवकों के बीच
मामूली कहासुनी शुरू हो गई। तभी गालीगलौच के बाद मारपीट होने लगी। मारपीट
के दौरान कुछ युवकों ने पथराव शुरू कर दिया।
इस पर दोनों तरफ से हुई जवाबी
पत्थरबाजी में अफरातफरी मच गई। जिसे जहां जगह मिली उसने वहीं छिपकर जान
बचाई। तभी कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर मामले को रफा-दफा किया। पथराव के
दौरान सरायगली निवासी मो. मुन्ना (50), आबिद (14) पुत्र मो. शाकिब, मो.
नौशाद, अरबाज (21) पुत्र मो. अब्दुल सईद, अनीस पुत्र अब्दुल गफूर, मो.
नौशाद अली पुत्र मो. इसबुल समेत छह लोग घायल हो गए।
उन्हें जिला
अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इनमें आबिद की हालत गंभीर बनी
हुई है। मामले में मो. नौशाद अली पुत्र मो. इसबुल की तहरीर पर मोहल्ले के
ही इकबाल व नूर हसन पुत्र मेहंदीहसन, सोनू पुत्र शाकिर, शाकिर पुत्र अब्दुल
मजीद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कहा गया कि उक्त लोग दरवाजे पर
आकर गालीगलौच कर रहे थे। मना किया तो मारपीट शुरू कर दी। बचाने आए भांजे
अरबाज को भी पीटा। इसी तरह मुन्ना ने इकबाल पुत्र मेहंदी हसन, सोनू के
खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि वह उनके दरवाजे पर गालियां दे
रहे थे। मना किया तो उसकी पिटाई शुरू कर दी।
इसी तरह तीसरी रिपोर्ट मो.
शाकिर पुत्र मो. मजीद ने यूसुफ, आरिफ, अरबाज पुत्र अब्दुल सईद, नौशाद व
दिलशाद के खिलाफ दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि उसका पुत्र आबिद जुलूस
में जा रहा था। तभी उक्त लोगों ने पत्थर मारकर उसे घायल कर दिया, जबकि
विवाद बच्चों के बीच का था।