नादेमऊ क्षेत्र के ग्राम नंदपुर खिरिया में राशन
वितरण को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। गालीगलौच के साथ जमकर
ईंट-पत्थर भी चले। एक पक्ष द्वारा की गई फायरिंग में कोटेदार का पुत्र गोली
लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर किया गया
है।
इस मामले में राशन कोटेदार के पुत्र ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
दर्ज कराई है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने दोनों पक्षों के 61 लोगों के खिलाफ
107/116 की कार्रवाई की है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नंदपुर खिरिया
में साहब सिंह के पास राशन का कोटा है। मंगलवार को वह ग्रामीणों में राशन
का वितरण कर रहे थे।
तभी गांव के बृजेश कुमार पुत्र रघुवर दयाल अपने कई
साथियों के साथ वहां पहुंच गए। वह लोग अपने समर्थकों को सूची में नाम न
होने के बावजूद भी राशन दिलाने की जिद पर अड़े थे। इसी बात को लेकर विवाद
शुरू हो गया। कुछ ही देर में गालीगलौच के साथ दोनों पक्षों में मारपीट होने
लगी और फिर जमकर पथराव हुआ।
इस बीच एक पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की
गई। फायरिंग होते ही लोग जान बचाकर भाग खड़े हुए। गोली लगने से
कोटेदार साहब सिंह का पुत्र शिशुपाल घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी
है। उसके घायल होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उसे लेकर सौरिख
थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने डाक्टरी परीक्षण के लिए सीएचसी भेज दिया।
बताया जाता है कि सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख
डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया। घटना के संबंध में
शिशुपाल ने गांव के बृजेश कुमार पुत्र रघुवर दयाल, वीरपाल पुत्र मलिखान,
सुभाष पुत्र श्रीराम और जगरूप पुत्र रघुवर दयाल के खिलाफ जान से मारने की
नीयत से गोली मारने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर, गांव में हुए बवाल को
पुलिस ने गंभीरता से लिया है। इस बाबत एसओ रजनेश कुमार चौहान ने बताया कि
इस मामले में उन्होंने दोनों पक्षों से 61 लोगों के खिलाफ 107/116 की
कार्रवाई की है। कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।