कन्नौज। शहर के रामगंज के उभरते क्रिकेटर निखिल गुप्ता को अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी में चयन के नाम पर दो हजार रुपये ठग लिए गए। टीम में उसके चयन का फर्जी पत्र जालसाज ने भेजा था। चयन की खबर को यूपीसीए ने गलत बताया है।
मोहल्ला रामगंज निवासी व्यापारी मनोज गुप्ता का पुत्र निखिल गुप्ता क्रिकेट का खिलाड़ी है। आठ जून को उसे किसी ने फोन कर बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली की ओर से अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी की टीम में चयन और एक टीम की कप्तानी देने की जानकारी दी। फोन करने वाले ने दो हजार रुपये खाते में डालने के लिए कहा। रुपये खाते में डालने के बाद निखिल के व्हाट्स एप पर बीसीसीआई का फर्जीपत्र डाल दिया गया।
मामले की जानकारी होने पर यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य कमल चावला ने चयन पत्र को फर्जी बताया। उन्होंने फोन पर कहा कि बीसीसीआई राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के जरिए ही चयन और सूचनाओं का अदान-प्रदान करता है। एएसपी विनोद कुमार ने कहा कि प्रकरण गंभीर है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर जालसाज के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फर्जीवाड़े से निखिल व उसका परिवार आहत है।