इंदरगढ़। मौसेरे भाई के साथ नदी में नहाने गया किशोर डूब गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर समेत ग्रामीणों की मदद से किशोर की खोजबीन शुरु कर दी है, लेकिन देर शाम तक किशोर का कुछ पता नहीं चल सका।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के भौरामऊ गांव निवासी शिशुपाल सिंह जाटव का पुत्र आशू (14) अपने मौसेरे भाई मुकेश (16) के साथ बृहस्पतिवार को तालग्राम थाना क्षेत्र के महाराजपुर गांव के बाहर से निकली ईशन नदी में नहाने गया था। पानी के तेज बहाव में आशू डूबने लगा। छोटे भाई को डूबता देख मुकेश शोर मचाने लगा।
आसपास मौजूद खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने नदी में कूदकर किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव में किशोर का कुछ पता नहीं चला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर समेत ग्रामीणों की मदद से किशोर की खोजबीन शुरू कर दी है। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।