कन्नौज। जिला अस्पताल की इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरीज (आईपीएचएल) का शनिवार को राज्य स्तरीय टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और लैब से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की। टीम का मुख्य उद्देश्य अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करना था।
राज्य स्तर से आई टीम में कानपुर देहात जिला महिला अस्पताल की पैथोलॉजिस्ट डॉ. स्वाति और स्टेट कंसल्टेंट आरएस चौरसिया शामिल थे। उन्होंने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन कक्ष, कलेक्शन व टेस्टिंग एरिया का बारीकी से निरीक्षण किया। अभिलेखों की जांच के दौरान, टीम ने लैब में हो रही जांचों के संबंध में सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) सामग्री प्रदर्शित किए जाने का सुझाव दिया। इससे मरीजों को विभिन्न जांचों और प्रक्रियाओं के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. शक्ति बसु, पैथोलॉजिस्ट डाॅ. अनामिका गुप्ता, मंडलीय परामर्शदाता सुरेंद्र प्रताप सिंह, जनपदीय क्वालिटी कंसल्टेंट डाॅ. सुनील प्रजापति, हास्पिटल क्वालिटी मैनेजर आशीष सिंह, सिस्टर इंचार्ज मधु रानी, चीफ फार्मासिस्ट जितेंद्र सिंह, सुनील कुमार पाठक, लैब टैक्नीशियन और आईसीएन दीप्ती पांडेय सहित अस्पताल के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।