शहर के माया देवी इंटर कालेज व चौधरी चंदन सिंह
महाविद्यालय में वसंत पंचमी का पर्व हवन-पूजन कर मनाया गया। इस दौरान
सरस्वती मां का आह्वान किया गया। उधर, तिर्वा के दीनानाथ जनता बाल विद्या
मंदिर में वसंत पंचमी पर्व पर स्कूल परिसर में हवन-पूजन के साथ ही
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
छात्राओं ने रंगोली सजाकर
अपनी प्रतिभा दिखाई। शहर के माया देवी इंटर कालेज शिवाजी नगर में
अध्ययनरत छात्र-छात्राएं सुबह पीले वस्त्र धारण कर विद्यालय पहुंचे। इस
दौरान आचार्य ने विधि-विधान पूर्वक हवन-पूजन का कार्यक्रम संपन्न कराया।
इसके बाद छात्रों ने मां सरस्वती का आह्वान करते हुए हवन-कुंड में आहुतियां
डालीं।
इस दौरान प्रधानाचार्य योगेंद्र पाल, ठाकुर शेर सिंह सहित अन्य लोग
मौजूद थे। चौधरी चंदन सिंह महाविद्यालय में भी वसंत पर्व हवन-पूजन के साथ
मनाया गया। वहीं नजरापुर के सरस्वती शिशु मंदिर में वसंत पंचमी पर बाल मेले
का आयोजन हुआ। जिसका छात्रों ने लुत्फ उठाया।
भुगैतापुर, खुरदैया,
सहिल्लापुर, आसकरनपुर्वा, देवा पट्टी, रैगावा, जसपुरापुर, मुरैया,
वंशीपुर्वा के स्कूलों में भी वसंत पंचमी का पर्व मनाया गया। उधर,
तिर्वा के दीनानाथ जनता बाल विद्या मंदिर में वसंत पंचमी पर्व पर सरस्वती
के चित्र के समक्ष दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
बाद में हिंदी
टीचर कृष्ण कुमार पांडेय ने विधि विधान के साथ हवन-पूजन कराया। विद्यालय
की छात्र-छात्राओं ने गीत-संगीत सहित कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्रा
शिवांगी, शीतल, बबली, अंजली, दिव्यांशी, संगीता, सरोज, शिखा गुप्ता, जूली,
दामिनी प्रजापति, अमन, अनुज, महबूब बारिश ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में
प्रतिभाग किया।