तिर्वा (कन्नौज)। दावत-ए-वलीमा में लेग पीस को लेकर हुए विवाद में छात्र की मौत के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में मारपीट में चोटों से नहीं गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। सिर में चोटों के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने पांच लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करते हुए दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, अन्य हत्यारोपियों की तलाश में टीम लगी हैं।
अहेर गांव निवासी अजमत (14) कक्षा 11 का छात्र था और एसी मरम्मत का काम भी सीख रहा था। पिता ने बताया कि अजमत, चचेरे भाई साहिल के साथ परिवार के नूर आलम उर्फ राजा की शादी के बाद शुक्रवार को हुए दावत-ए-वलीमा में दावत में गया था। खाना खिलाने के दौरान लेग पीस को लेकर नसीम ने विवाद कर दिया था। नसीम ने भाई वसीम, हसीन उर्फ हीरो, मिथुन उर्फ करीम और अर्जुन उर्फ दिलजान के साथ मिलकर पीटना शुरू कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अजमत को बचाने के प्रयास में साहिल भी घायल हो गया था। घायलावस्था में उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए थे। वहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें पिटाई से मौत नहीं बल्कि गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा सिर में चोटों के निशान मिले हैं। मौत का कारण गला दबाने से होने की पुष्टि हुई। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर चार भाइयों समेत पांच लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्यारोपी नसीम और अर्जुन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है।
शव घर पहुंचते ही परिजनों में मची चीखपुकार
अजमत के परिवार के पिता के अलावा एक छोटा भाई अर्थ, तीन बहनें और मां शहनाज हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाया।