छिबरामऊ (कन्नौज)। घर से मां की दवा लेने निकली बीएससी की छात्रा का शव उधरनपुर पुल पास 15 फीट गहरी खाई में पड़ा मिला था। शव पर धारदार हथियार से सिर व गर्दन पर हमले के निशान मिले हैं। शनिवार को परिजनों ने लोहिया अस्पताल स्थित मोर्चरी में पहुंचकर शव की शिनाख्त की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी है।
नगर के मोहल्ला भैनपुरा नई बस्ती निवासी अहिबरन सिंह पाल की बेटी प्रतीक्षा पाल (18) उर्फ अंशिका एक निजी महाविद्यालय में बीएससी की छात्रा है। मां ऊषा पाल ने बताया कि प्रतीक्षा शुक्रवार की दोपहर एक बजे उसकी दवा लेने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चल पाया।
शनिवार को परिजनों को फर्रुखाबाद जनपद के जहानगंज थाना क्षेत्र में उधरनपुर पुल के पास सड़क के किनारे युवती का शव खाई में मिलने की जानकारी हुई। घर में पिता व भाई के न होने पर रिश्तेदारों ने मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान अंशिका के रूप की। उधर फर्रुखाबाद सड़क पर मिला शव नगर की अंशिका का होने की जानकारी होने पर कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और घर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। फुटेज में अंशिका पैदल जाते हुए दिखाई दे रही है, जबकि उसके आगे कुछ दूरी पर एक युवक सफेद रंग की बाइक से धीमी गति से गुजरता हुआ दिखाई दे रहा है। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।