भूकंप से शनिवार को हुई तबाही और खौफ से अभी लोग उबर नहीं पाए थे कि रविवार दोपहर दोबारा धरती में हुए कंपन से लोग दहशत में आ गए। लोग अपने घरों व दफ्तरों को छोड़कर बाहर सड़क पर निकल आए। काफी देर के बाद लोग दोबारा कार्यालयों व घरों में पहुंचे।
उधर शासन के निर्देश पर डीएम ने इंटरमीडिएट तक की कक्षाओं व परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक एवं मान्यता प्राप्त, प्राइवेट विद्यालयों में दो दिनों का अवकाश घोषित कर दिया है। न्यूज चैनलों व सोशल मीडिया में भूकंप संबंधी चल रहे 72 घंटे के एलर्ट के चलते लोगों ने शनिवार रात जागकर काटी।
रविवार को दोपहर 12:43 बजे अचानक शुरू हुए कंपन से कार्यालयों व घरों से लोग मैदान की ओर भाग खड़े हुए। सड़कों पर भीड़ जमा हो गई। इसके साथ ही चर्चाओं व अफवाहों का दौर शुरू हो गया। लोगों ने तत्काल अपने शुभचिंतकों को मोबाइल कर उनके हालचाल जाने। करीब तीस सेकेंड के बाद स्थिति सामान्य होने पर लोग घरों में पहुंचे। दो दिनों से जारी कंपन से लोगों में दहशत है।
वहीं समाजवादी नेताओं ने नेपाल में भूकंप का शिकार हुए लोगों के लिए सपा कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव ने कहा कि सभी लोग इस दैवीय आपदा में उन परिवारों के साथ हैं। सभी से अपील की कि वह इन परिवारों की मदद करें। इस मौके पर संजय दुबे, दरोगा कटियार, सुनील कुशवाहा, ऋतु पांडेय, अन्नू तिवारी, सतेंद्र यादव, अमित मिश्रा, मसूद अहमद सहित अन्य मौजूद रहे।
इसके अलावा सरायमीरा बस स्टाप पर शनिवार की देर रात्रि सपाइयों ने कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर सयुस के प्रदेश सचिव हसीब हसन, प्रदेश उपाध्यक्ष नाजिम खां, प्रीतू कटियार, शोभित प्रताप सिंह, ऐतिशाम हुसैन, शैलू कटियार आदि मौजूद रहे।
-----------
जिला प्रशासन ने जारी किया रेड एलर्ट
अगले 48 घंटों के दौरान दोबारा भूकंप आने की संभावनाओं के चलते जिला प्रशासन ने रेड एलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी है। नागरिकों से अपील की है कि वह इस दैवीय आपदा को लेकर घबराए नहीं है। कोई भी हादसा अथवा सहायता पाने के लिए कंट्रोल रूम में संपर्क कर सकते हैं।
एडीएम रमेश चंद्र यादव ने बताया कि कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी एसडीएम संदीप कुमार को दी गई है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे निरंतर काम करेगा। जिले के लोग कंट्रोल रूम के नंबर 9454416466 व एडीएम के नंबर 9454417626 व बेसिक नंबर 05694-234697 पर संपर्क कर सूचना व राहत को फोन कर सकते हैं।