ग्राम शिवसिंहपुर के प्राइमरी स्कूल के गेट में लगा ताला।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
क्षेत्र के ग्राम शिवसिंहपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय तय समय सात बजे न खुलकर साढे़ आठ बजे खुला। मामले की शिकायत मिलने पर बीएसए ने पूरे स्टाफ के वेतन आहरण पर रोक के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखंडप्रताप सिंह ने समस्त परिषदीय विद्यालय का समय बदलकर सुबह 7 बजे से 11 बजे तक कर दिया था, लेकिन कई विद्यालय अपने निर्धारित समय पर नहीं खुल रहे हैं।
क्षेत्र के ग्राम नगला शिवसिंहपुर में स्थित प्राथमिक विद्यालय निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे बाद साढ़े आठ बजे के करीब खुला। इस बीच किसी ने इस मामले की शिकायत बीएसए से कर दी। बीएसए अखंडप्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालय देर से खुलने की शिकायत मिली है।
प्रधानाध्यापक और अन्य अध्यापकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी और पूरे स्टाफ के वेतन आहरण पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनपद के किसी भी विद्यालय को यदि बंद पाया जाता है तो उनके प्रधानाध्यापक व अध्यापकों का निलंबन किया जाएगा। कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।