जल निगम की लापरवाही के चलते ग्राम मझपुर्वा में कई मीटर सड़क धंस गई। इसमें दो बच्चियां जा गिरीं। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने उन्हें निकाल लिया। वहीं, लीकेज से आधा दर्जन से अधिक मकानों की नींव भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
ग्राम मझपुर्वा में ग्रामीण पेयजल योजना के तहत कई माह पूर्व गलियों में जल निगम ने पाइप लाइन बिछाई थी। इसमें से एक गली में काफी समय से पाइप लाइन लीकेज चल रही थी, और उसका पानी अंदर ही अंदर भर रहा था। गुरुवार की सुबह अधिक रिसाव से कई मीटर लंबी गली अचानक धंस गई। इस दौरान वहां से गुजर रहीं नौ वर्षीय सानिया पुत्री पप्पू, सिमरन पुत्री जकी उसमें गिर गईं। आसपास के लोगों की जब नजर पड़ी तो दोनों बच्चों को निकाला। इस दौरान पानी का लीकेज होने से शमीम, हासिम, इकबाल, सर्वेश, आरिफ, राशिद, गुड्डू, तारिक, सादिक आदि के मकानों की नींव भी खतरे में पड़ गई है।
इन लोगों ने बताया कि कई बार सूचना देने के बाद भी जल निगम ने लीकेज पाइप लाइन ठीक नहीं की। इसके चलते कई मीटर लंबी सड़क धंस गई। मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने पाइप लाइन को ठीक कराने की मांग की।
योजना को हैंडओवर किया जा चुका है। लीकेज की जानकारी हुई है। लेबरों को लगाकर गड्ढा को बंद करा दिया गया है। लीकेज कैसे हुआ इसकी कल मौके पर जाकर जांच करूंगा।
-अरविंद त्रिपाठी, (अवर अभियंता जल निगम)