मंडी सचिव से वार्ता करते मंडी समिति के आढ़ती।
- फोटो : अमर उजाला
पुरानी सब्जी में कारोबार करने वालों के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। मंडी सचिव ने मंगलवार को व्यापारियों की शिकायत पर यह निर्देश जारी किए हैं। दरअसल, प्रशासन ने पुरानी सब्जी मंडी के कारोबारियों को नवीन सब्जी मंडी में स्थानांतरित कर दिया है। इसके बावजूद पुरानी मंडी में कुछ लोग काम कर रहे हैं।
मंगलवार की सुबह गल्ला आलू व्यापारी संघ के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में मंडी समिति के आढ़तियों का प्रतिनिधि मंडल मंडी सचिव अभितेंद्र तिवारी से मिला और उनसे शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोगों ने दोबारा पुरानी मंडी में सब्जी उतरवाकर कारोबार शुरू कर दिया है।
मंडी सचिव ने आढ़तियों को भरोसा दिलाया कि वहां थोक का कारोबार किसी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि मंडी का पूरा स्टाफ सुबह चार बजे से 10 बजे तक पुरानी सब्जी मंडी में मौजूद रहेगा और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी उनके साथ मौजूद होगा। इसके बाद भी यदि कोई भी आढ़ती पुरानी मंडी में सब्जी उतरवाता है तो उसका लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। इस दौरान पुच्ची ठाकुर, प्रमोद प्रजापति, शक्ति सिंह भदौरिया आदि तमाम आढ़ती मौजूद रहे।