नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक हंगामेंदार रही। कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा की गई। अधूरे पड़े कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं सभासदों ने अपने वार्ड की समस्या भी चेयरमैन के सामने रखी।
शनिवार को नगर पालिका परिषद के सभागार में चेयरमैन सरोज पाठक की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई। सबसे पहले ईओ बीडी भट्ट ने कई अहम प्रस्ताव सभासदों के सामने रखे। मोहल्ला शेखाना में मंगली के मकान से हुसैन के मकान तक सड़क व नाली निर्माण कार्य, मोहल्ला बजरिया सैय्यद में चांदनी चौक से मुन्ना दारोगा के मकान तक सड़क व नाली निर्माण कार्य, मोहल्ला लाला मिश्र, प्रभात बाजपेई के मकान से फूलमती मंदिर के पास पुलिया तक पाइप लाइन जोड़ने का कार्य का प्रस्ताव रखा गया। यह प्रस्ताव सर्व सम्मति से पास किया गया।
इसी तरह मोहल्ला ठकुराना में श्याम बिहारी के मकान से कुंवर बहादुर के मकान तक 3 इंची पाइप लाइन डालने का प्रस्ताव, हम्मालीपुरा में रम्मू के मकान से सबकातुल्ला के मकान तक दोनों तरफ नाली निर्माण कार्य, रानीचाहा में मनकामेश्वर मंदिर से पाटिया ढालने व नाला पर 20 मीटर दीवार, सिंह वाहिनी मंदिर रोड के किनारे स्थित काल भैरव मंदिर के पास लेट्रिन व बाथरूम बनाने का प्रस्ताव पास किया गया।
दीदारगंज में पारस जैन के मकान से पानी की टंकी तक इंटर लाकिंग सड़क व नाली निर्माण कार्य, कुतलूपुर बारातघर में नए नलकूप के निर्माण कार्य के लिए 34.07 लाख रुपये का प्रस्ताव पास किया गया। सरायमीरा में लगे जनरेटर की मरम्मत कार्य के लिए 50 हजार रुपये प्रस्ताव में पास किए गए। इस मौके पर सभासद श्याम तिवारी, राजेश दिवाकर, राशिद अली, सुमन, रेनू वर्मा, विनय प्रजापति, शकील अहमद, राजपाल यादव, अवधेश कुशवाहा, स्वामी अखंडानंद, मीरा, रेहान खां मौजूद रहे।