गुरसहायगंज। शादी में मिले दहेज से नाखुश ससुराल पक्ष ने नवविवाहिता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मांग पूरी न होने पर पति ने तीन बार तलाक कहकर जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी समधन के मोहल्ला कादर खान निवासी नाजरीन ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उसकी शादी आठ जून 2025 को मोहल्ला सैय्यदबाड़ा में हुई थी। पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया, लेकिन ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए।
आरोप है कि पति, सास और दो ननदें बार-बार कम दहेज का ताना देकर कार, सोने की अंगूठी और चेन की मांग कर प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे गाली गलौज कर भूखा-प्यासा रखने लगे। आरोप है कि 21 दिन पहले उसके पति ने तीन बार तलाक कहकर संबंध तोड़ लिए और घर से बाहर निकाल दिया। कोतवाल आलोक दुबे ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। सत्यता मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।