कन्नौज। राष्ट्रीय राजमार्गों पर चार पहिया वाहन स्वामियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। इस दिशा में केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने परिवर्तनकारी कदम उठाते हुए 3000 मूल्य का फास्टैग-आधारित वार्षिक पास देने की योजना बनाई है। जिसे 15 अगस्त 2025 से लागू करने की तैयारी है। इससे जनपद के 17322 निजी वाहन स्वामियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसके तहत एक वर्ष के लिए फास्टैग चार्ज 3000 रुपये निर्धारित किया गया है, जो एक वर्ष या 200 यात्राओं के लिए वैद्य होगा। यह 60 किलोमीटर के दायरे में मान्य होगा। इसे खासकर गैर-वाणिज्यिक निजी वाहनों जैसे कार, जीप और वैन के लिए तैयार किया गया है। योजना लागू होने पर जनपद के 17322 निजी वाहन स्वामियों को टोल टैक्स में बड़ी राहत मिलेगी। इसमें सक्रियता और नवीनीकरण के लिए लिंक जल्द ही राजमार्ग यात्रा ऐप के साथ-साथ एनएचएआई और सड़क सुरक्षा मंत्रालय की ओर से आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे टोल प्लाजा पर प्रतीक्षा समय, भीड़भाड़ व विवादों को कम किया जा सकेगा। वार्षिक पास निजी वाहन मालिकों को बड़ी राहत देने के साथ-साथ सुगम यात्रा का भी अनुभव कराएगा। नेशनल हाईवे पर जेवां टोल प्लाजा के प्रबंधक राजकमल कश्यप ने बताया कि इसके लिए शासन से गाइड लाइन आएगी, उसी अनुसार वाहन स्वामियों को सहूलियत दी जाएगी।
बोले नागरिक
आए दिन आने-जाने वालों को लाभ
सरकार का यह फैसला स्वागत योग्य है। लोकल में चलने वालों के लिए वार्षिक टोल पास काफी लाभदायक सिद्ध होगा। इससे कम दूरी तक यात्रा करने वाले चार पहिया वाहन चालकों को बार-बार टोल प्लाजा पर रुकने की झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। टोल प्लाजा पर लोकल की भीड़ भी कम होगी।
विष्णुकुमार शुक्ला, रियल स्टेट कारोबारी
-
लोकल के वाहनों की नहीं लगेगी भीड़
टोल प्लाजा पर स्थानीय नागरिकों के वाहनों की अधिक भीड़ देखने को मिलती है, जिससे जाम भी लग जाता है। अधिकतर स्थानीय लोगों का आना जाना आए दिन होता है, ऐसे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
रामजी उर्फ अभय कुमार, मोहल्ला नखासा कन्नौज
सस्ती यात्रा से घटेगा जेब का बोझ
वार्षिक फास्टैग टोल नीति लागू होने से वाहन चालकों को निश्चित तौर पर इसका फायदा मिलेगा। स्थानीय स्तर पर बिजनेस, नौकरी आदि करने वाले लोगों को हाईवे पर आते-जाते सस्ती यात्रा करने का लाभ मिलेगा, जिससे जेब का बोझ भी कम होगा। साथ ही लोगों का समय भी बचेगा।
अमित राय, लेखपाल कन्नौज
टोल प्लाजा पर रुकने के झंझट से मिलेगी मुक्ति
सरकार का बहुत अच्छा फैसला है। क्योंकि अब लगभग पूरे देश में हाइवे बन गए हैं। थोड़ी बहुत दूर आने जाने वालों को बहुत दिक्कत होती थी। अब वार्षिक फास्टैग व्यवस्था शुरू हो जाने से स्थानीय नागरिक अपना पास बनवाकर टोल प्लाजा पर रुकने के झंझट व जाम की समस्या से निजात पा सकेंगे।
गिरीशचंद्र दुबे, सेवानिवृत्त शासकीय सेवक
-