सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नाहरघाटी में रात के समय
बाउंड्री लांघकर घुसे बदमाशों ने गृहस्वामी और उनकी पत्नी को तमंचों की
बटों से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद घर में रखा हजारों रुपये का
कीमती सामान उठा ले गए। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती
कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस जिला अस्पताल व गांव में जांच करने
पहुंची। नाहरघाटी निवासी रियाज बेग (55) का मकान गांव के बाहर बना हुआ है।
सोमवार की रात ढाई बजे के करीब सशस्त्र पांच बदमाश बाउंड्री लांघकर उनके घर
में घुसे। मकान के बरामदे में लेटे रियाज बेग व उनकी 50 वर्षीय पत्नी
रहबुन्ना की तमंचों की बटों से पिटाई शुरू कर दी।
मकान के कमरे में सो रहे
उनके पुत्र ने जब चीख-पुकार सुनी तो तत्काल फोन करके गांव में रहने वाले
अपने चाचा पूर्व प्रधान नूर अहमद को सूचना दी। सूचना मिलते ही कई ग्रामीणों
को साथ लेकर वह मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की आवाज सुनकर बदमाश
दरवाजा खोलकर भाग निकले। कोहरे के कारण ग्रामीण बदमाशों को पकड़ नहीं सके।
तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। उधर, दोनों घायलों को परिजनों ने जिला
अस्पताल में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर
रहबुन्ना को कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। हैलट के बाद उन्हें रामा
मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने
जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से पूछताछ की।
इसके बाद रात तीन बजे के करीब
पुलिस ने गांव नाहर घाटी पहुंचकर छानबीन की। मामले में पूर्व प्रधान नूर
अहमद की तहरीर पर पांच बदमाशों के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई
गई है। इसमें कहा गया कि बदमाश क्या-क्या सामान लूट ले गए हैं, इसका
ब्योरा गृहस्वामी की पत्नी के होश में आने पर पता चल सकेगा।