गिरे आवास की जांच करते लेखपाल।
- फोटो : amarujala
टिकरी गांव में सोमवार शाम इंदिरा आवास का लिंटर टूटकर गिरने से घायल भाई-बहन का इलाज मेडिकल कालेज तिर्वा में चल रहा है। बालिका की हालत गंभीर बताई जा रही है। एसएडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की। आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया है।
लेखपाल अनीस इदरीसी ने ग्राम प्रधान राज किशोर के साथ मंगलवार को टिकरी गांव पहुंचकर दयाराम के आवास के ढहे लिंटर को बारीकी से देखा। लोगों ने घटिया निर्माण की शिकायत की। लोगों का कहना था कि एक साथ गांव में दस आवास पूर्व प्रधान ने ठेकेदार से बनवाए थे। लाभार्थियों के खाते से रुपये निकलवाकर ले लिए थे। उस समय शिकायत भी की गई। अधिकारियों की मिली भगत से कुछ नहीं हुआ। कुछ ही सालों में दस में से पांच आवासों के लिंटर टूटकर गिर चुके हैं। अन्य जर्जर हालत में पहुंच गए हैं। कभी भी कोई हादसा हो सकता है। प्रधान का कहना कि आवास उनके कार्यकाल में नहीं बने हैं। जांच होनी चाहिए। दयाराम ने बताया कि दोनों पुत्रों की हालत में सुधार है। पुत्री शांती की हालत अभी भी नाजुक है। लेखपाल अनीस ने बताया कि एसडीएम गौरव शुक्ला के आदेश पर जांच की गई है। हर संभव मदद का प्रयास किया जाएगा।