कन्नौज। शादी में शामिल होने के लिए परिवार बिलग्राम गया था। मकान में ताला लगा देखकर चोर घर में दाखिल हो गए और जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। परिवार रविवार को घर वापस आया। तब चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बगिया फजल इमाम निवासी ऐश अहमद अगरबत्ती बेचने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को बिलग्राम कस्बे में रिश्तेदारी में शादी थी।उसमें शामिल होने के लिए परिवार के साथ बिलग्राम गए थे। भोर में शादी समारोह में शामिल होकर घर वापस आए तो गेट का ताला टूटा पड़ा था। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे के ताले और अलमारी का लॉकर भी टूटा था। उन्होंने बताया कि चोर अलमारी के लॉकर में दो हार, एक जोड़ी झाले, झुमकी, नथुनी, पेंडिल, अंगूठी, मांग टीका और 80 हजार रुपये नकदी लेकर फरार हो गए। उन्होंने चोरी की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखे हैं। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
999999999
नाबालिग से छेड़छाड़ में चार युवक गिरफ्तार
सौरिख। थानाध्यक्ष जयंती प्रसाद गंगवार रविवार को उप निरीक्षक सुबोध सहाय, सिपाही हरिओम शुक्ला, मनोज व दिलीप चौहान के साथ रोड गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लविश यादव उर्फ कल्लू, अंकित, प्रियम सिंह सहित चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि रविवार को क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि यह लोग शनिवार को उसकी नाबालिग पुत्री को जबरन एक कार में बैठाकर ले गए और उसके साथ छेड़छाड़ की। मामले की गंभीरता को देख कार्रवाई करते हुए सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। संवाद