गुरसहायगंज। पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय में कक्ष निर्माण व अन्य अनुदान में पाई गई अनियमितताओं के चलते इंचार्ज प्रधानाध्यापक का जनवरी माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। 15 दिन में कमियों को पूर्ण न होने पर आहरण एवं व्यय की गई धनराशि की गणना कर वेतन से रिकवरी की चेतावनी दी गई।
बीएसए संदीप कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार 21 जनवरी को जिला समन्वयक निर्माण, समग्र शिक्षा द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में चार डस्टबिन की जगह दो डस्टबिन खरीदे गए। इसके अलावा एलईडी खरीदे जाने के बावजूद कक्षा कक्षों में उनकी फिटिंग नहीं कराई गई। लघु मरम्मत की धनराशि से अब तक कोई कार्य नहीं कराया गया। एनुअल ग्रांट तथा हर्बल औषधि उद्यान धनराशि से भी कोई कार्य नहीं कराया गया। स्पोर्ट्स ग्रांट के तहत टेबल टेनिस की खरीद की गई, लेकिन उसका उपयोग नहीं कराया जा रहा है। ध्वस्तीकरण किए गए जर्जर कक्ष का मलवा साफ कराया गया। बीएसए संदीप कुमार ने कहा कि यदि 15 दिन के अंदर सभी कार्य पूर्ण नहीं कराए गए, तो संबंधित धनराशि की वसूली वेतन से की जाएगी। प्रधानाध्यापक आकांक्षा चौरसिया का कहना था कि भेजे गए बिल रिजेक्ट हो गए हैं, इसके बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।