फोटो :26: कानपुर अलीगढ़ नेशनल हाइवे पर घने कोहरे के बीच लाइट जलाकर निकलते वाहन। संवाद
न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री व अधिकतम 15 डिग्री सेल्सियस रहा, मौसम वैज्ञानिक दे रहे कम सिंचाई का सुझाव
संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। जिले में 15 दिनों से सर्दी का सितम जारी है। दो दिनों से सूर्य देवता ने भी दर्शन नहीं दिए। शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री व अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, कोहरे का असर अन्य दिनों की अपेक्षा कम रहा। उधर, शुक्रवार की देर शाम से हल्की फुहार शुरू हुईं, जो सुबह तक जारी रही।
12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चली, जिस कारण ठिठुरन बढ़ गई। शीतलहर से बचने के लिए लोग अलाव और हीटर का सहारा लेते दिखे। जिले में हल्की धुंध भी छाई रही। अन्य दिनों की अपेक्षा कोहरे का असर रात में कम रहा। इन दिनों शीतलहर से बचने के लिए घरों, दफ्तरों और प्रतिष्ठानों पर लोग हीटर के सहारे समय व्यतीत कर रहे। सर्दी का सितम सबसे ज्यादा राहगीरों और बाइक सवारों को सता रहा। ऐसे में बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और चौराहों पर जहां भी अलाव जलता दिखाई देता है, वहीं भीड़ नजर आने लगती।
फसलों और मवेशियों में बीमारी का खतरा
घने कोहरे और मौसम के उतार-चढ़ाव से खेत में खड़ी फसलों में फंगल और फिजियोलॉजिकल बीमारी होने की उम्मीद है। जानवरों का दूध प्रोडक्शन भी कम हो सकता है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरेंद्र कुमार ने बताया कि खेत में फफूंदनाशक, सल्फर आधारित उर्वरक का उपयोग करके और खड़ी फसलों में हल्की सिंचाई करके फसल को पाले से बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आगामी पांच दिनों में आसमान साफ रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है। सुबह एवं रात के समय मध्यम से घना कोहरा दिखाई देने तथा शीतलहर का प्रकोप जारी रहने की संभावना जताई है।