छिबरामऊ (कन्नौज)। प्राथमिक विद्यालय चंदरपुर में बुधवार दोपहर हुए धमाके से अफरा- तफरी मच गई। इस धमाके में एक छात्र की अंगुलियां उड़ गई तो दो अन्य छात्र घायल हो गए। घायलों को फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। धमाके की वजह छात्र के बस्ते में पटाखा होना बताया जा रहा है। प्राथमिक विद्यालय चंदरपुर में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे बच्चे मिड डे मिल के लिए लाइन लगाए हुए थे। तभी धमाका हो गया। बच्चे एमडीएम छोड़कर भाग खड़े हुए।
इस धमाके में कक्षा दो का छात्र अजय कुमार शाक्य (7) पुत्र सियाराम के हाथ की अंगुलियां उड़ गई। गांव की ही संदीप कुमार की पुत्री पायल (8) और कक्षा चार की छात्रा काजल (9) पुत्री चंदप्रकाश भी घायल हो गईं। अध्यापकों ने आनन- फानन में घायलों को पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। सीओ वीपी सिंह सोलंकी ने बताया कि गांव में बारात आई थी। संभव है कि बच्चे को कोई पटाखा मिल गया हो और वह उसे बस्ते में रख लिया हो। बच्चे के होश में आने पर स्थिति साफ होगी।