अमोलर/तालग्राम। दिल्ली में विमान हादसे में शहीद हुए गांव पलरी निवासी
बीएसएफ के इंसपेक्टर के घर बुधवार को भी शोक संवेदना जताने वालों की भीड़
रहीं। जनप्रतिनिधियों के अलावा आसपास क्षेत्र के कई गांवों के लोगों के
उनके पैृतक आवास पर पहुंचने का सिलसिला पूरे दिन रहा। उधर, गुरुवार को शहीद
का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शहीद के परिवार को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की है।
पलरी निवासी बीएसएफ के इंसपेक्टर (तकनीकी) राघवेंद्र कुमार यादव के घर पर सुबह से ही सांत्वना देने वालों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। रिश्तेदारों के साथ ही आसपास के मछरिया, नरमऊ, कोहटिया, अदमापुर, तिसौली, बनियानी, महानगर, कुशलपुरवा, निकवा, मुंडाला, मायापुरवा आदि गांवों के लोग भी शोक संवेदना जताने पहुंचे। हर किसी की जुबान पर उन्हीं की चर्चा थी। कोई उनके मिलनसार व्यवहार तो कोई उनके गांव के प्रति प्रेम का जिक्र कर रहा था।
बड़े भाई राजेंद्र कुमार यादव ने बताया कि गुरुवार की सुबह क्षेत्रवासियों के दर्शन के लिए शहीद के शव को रखा जाएगा। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उधर बुधवार को सपा के पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव, सपा विधायक अरविंद सिंह यादव, नगर पंचायत तालग्राम के अध्यक्ष दिनेश यादव, जिला पंचायत सदस्य शैलेंद्र सिंह, सपा नेता कोची यादव, उप जिलाधिकारी महेश प्रसाद दीक्षित, थानाध्यक्ष मो. इमरान खान उनके घर पर पहुंचे। घर पर मौजूद परिवार के चाचा टीकाराम, चाचा रिटायर सूबेदार परशुराम, अहिवरन सिंह, चचेरे भाई रेशू यादव, बहनोई डा. रावेंद्र सिंह यादव आदि से मुलाकात कर सांत्वना दी। कानपुर में रह रहा परिवार के सदस्य भी गांव आ गए।
उधर अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि शहीद के परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी रामश्री को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस संबंध में जनपद स्तर से वांछित सूचनाएं व संस्तुति आननफानन में पत्र भेजकर कर दी गई हैं।