जलालाबाद। सदर क्षेत्र के ग्राम करनपुर में आइसक्री फैक्टरी में एचटी लाइन की चपेट में आने से दो भाइयों की मौत से ग्राम कसूरी में मातम छाया हुआ है। गुरुवार को दोनों भाइयों की घर से एक साथ अर्थी निकली तो हर आंख नम हो गई। परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के साथ ही भाजपा और सपा नेता पहुंचे और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
गुरसहायगंज के जलालाबाद क्षेत्र के गांव मूसरि निवासी जितेंद्र कुमार की सदर क्षेत्र के ग्राम करनपुर में किराए के मकान में रहते हैं और इसी मकान में आइसक्रीम फैक्टरी चलाते हैं। मकान के ऊपर से एचटी लाइन गुजरी है। जितेंद्र के बेटे सुमित (19) ने नाली साफ करने के लिए छत से सरिया पकड़ाई और छोटे भाई शोभित (17) ने नीचे से सरिया पकड़ी। सरिया एचटी लाइन में छू गई और दोनों भाइयों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई और ग्राम मूसरी में मातम छा गया।
सुबह दोनों भाइयों की अर्थी एक साथ उठी तो हर आंख से आंसू छलकने लगे। सपा नेता पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे, भाजपा नेता अजीत पांडेय, मंगलम पांडेय, विवेक पाठक, सपा नेता डियम यादव ने घर पहुंचकर सांत्वना दी। दोनों का जलेसर घाट पर अंतिम संस्कार हुआ। शाम को समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण भी परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। नायब तहसीलदार राकेश कुशवाहा, कानूनगो रक्षपाल यादव, लेखपाल विशाल चौरसिया ने गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की।