चपुन्ना। टेंट हाउस संचालक के घर में शनिवार को स्टेब्लाइज से नहीं आतिशबाजी में शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से विस्फोट हुआ था। सीओ की जांच के बाद रविवार को इसकी पुष्टि हुई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम मुर्रा निवासी युसूफ के घर में तेज धमाके के बाद दीवार ढह गई थी, जबकि उस पर पड़ी सीमेंटेड का टिनशेड क्षतिग्रस्त हो गया था। धमाके की सूचना पर सकरावा थानाध्यक्ष विनय शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। टेंट हाउस संचालक ने स्टेब्लाइजर में शाॅर्ट सर्किट के कारण धमाका होने की बात कहीं थी। सीओ सुरेश मलिक ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
उन्होंने बताया कि टेंट संचालक के नाम अस्थाई आतिशबाजी लाइसेंस स्वीकृत हैं। सीमेंटेड टिनशेड को वह टेंट हाउस के सामान व आतिशबाजी के लिए गोदाम के रूप में प्रयोग करता है। दीपावली व आगामी शादी विवाह समारोह के लिए उसने आतिशबाजी बनाकर रखी थी। स्टेब्लाइजर में हुए शाॅर्ट सर्किट के कारण निकली चिंगारी पास में ही रखी आतिशबाजी पर गिरी होगी, जिसके कारण विस्फोट हुआ। आतिशबाज यूसुफ के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपाेर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
चपुन्ना चौकी का किया निरीक्षण
चपुन्ना। टेंट हाउस की गोदाम में विस्फोट के बाद रविवार को जांच करने पहुंचे सीओ सुरेश मलिक ने चपुन्ना चौकी का भी निरीक्षण किया। चौकी परिसर में चारों ओर गंदगी देख चौकी इंचार्ज महेंद्र कुमार से साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिए चौकी पर मौजूद रहने के निर्देश दिए।