सपा मुखिया को जन्मदिन का एक दिन पहले तोहफा देते हुए सीएम अखिलेश यादव ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे सोमवार को जनता के सुपुर्द कर दिया। मुलायम सिंह ने ही इसका उद्घाटन किया।
कन्नौज में एक्सप्रेस वे का निर्माण करा रही दो कंपनियों के अधिकारियों का दावा है कि वह एक माह के अंदर फिनिशिंग सहित अन्य कार्यों को पूर्ण कर लेंगे। हाईवे का आनंद लेने वाले लोगों को चेताया कि जिंदगी अनमोल है। सफर करते समय अपनी स्पीड का ध्यान रखें। तमाम कोशिशों के बावजूद आसपास के ग्रामीण अपने गांव के सामने उतरने व चढ़ने का प्रयास करते हैं। वाहनों की अधिक स्पीड होने पर अचानक रोड पर आ जाने वाले ऐसे ग्रामीणों का बच पाना मुश्किल होगा।
तीन जिलों में 52 किलोमीटर एक्सप्रेस वे का निर्माण कराने वाले एनसीसी कंपनी के मैनेजर संजय मिश्रा का कहना है कि उनके पास कन्नौज में 36 किलोमीटर का भाग है। हाईवे पर फिनिशिंग का कार्य शेष है। एक साइड से वाहन आसानी के साथ चल सकते हैं, जबकि दूसरी साइड में फाइनल लेयर बाकी है। उनका दावा है कि वह एक माह के अंदर इस कार्य को पूर्ण कर लेंगे।
आफकान कंपनी के प्रशासनिक प्रबंधक प्रमोद कुमार का कहना है कि वह तीनों जिलो में 64 किलोमीटर का निर्माण करा रहे हैं, जिसमें कन्नौज का 36 किलोमीटर शामिल है। दूसरी साइड की फाइनल लेयर व सर्विस रोड का कार्य अधूरा है। जिसे पूर्ण कराए जाने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। सेफ्टी जोन सहित हाईवे पर लगाए जाने वाले संकेतांक अभी नहीं लग सके हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि वह स्पीड में चलने का प्रयास न करें। आसपास क्षेत्र के ग्रामीण अपने गांव के सामने से निकलने के लिए हर रोज कटान कर देते हैं।
पिछले तीन दिनों में उनकी साइड में करीब दस किलोमीटर की एरिया में ऐसी कटान हुई है। इस कारण हाईवे पर फुल स्पीड से आने वाले वाहन चालकों को किसी के सामने आने पर वाहन पर नियंत्रण कर पाना कठिन होगा। उन्होंने कहा कि इससे उनको काफी नुकसान भी हो रहा है। वह ऐसे ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर लिखाने की भी तैयारी कर रहे हैं।
जिलाधिकारी डा. अशोक चंद्र ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से अनधिकृत कटान के बारे में अधिकारियों ने अवगत नहीं कराया है। यदि उनको इस समस्या के बारे में बताया जाएगा तो वह ग्रामीणों को चेतावनी जारी करेंगे। आदेश नहीं मानने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।