कन्नौज। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती पर कलक्ट्रेट परिसर में किसान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कई उन्नतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम के दौरान कई किसानों ने कहा कि नई व्यवस्था से खाना तक नहीं मिल पाया और उन्हें दोपहर दो बजे तक भूखे ही रहना पड़ा। वहीं, जगतपुर के राम लखन पाठक, सदर ब्लाक के मानसिंह, महेश चंद्र शाक्य, नंद गांव खिरिया के वीर पाल यादव ने बताया कि कई किसानों को खाना नहीं मिल पाया। बताया कि प्रत्येक वर्ष किसानों को डिब्बे में खाना दिया जाता रहा। इस बार नई व्यवस्था करके सब बेकार कर दिया।
तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं सीडीओ रामकृपाल चौधरी ने संयुक्त रूप से पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। तिर्वा विधायक ने कहा कि किसान आज बहुत उन्नतशील हो रहे हैं। नौजवान इंजीनियरिंग और अन्य कोर्स करने के बाद कृषि के क्षेत्र में कार्य कर रहे है। उप निदेशक कृषि संतोष कुमार ने किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऋण मोचन योजना के तहत 63,963 किसानों का 386.11 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया है। पीएम-कुसुम योजना के तहत 541 सोलर पंप स्थापित किए गए हैं।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पिछले सात वर्षों में 48,975 किसानों को 16.33 करोड़ रुपये का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2,95,302 किसानों को अब तक 950.68 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए जा चुके हैं। इस मौके पर कृषि निदेशक संतोष कुमार, कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता, उद्यान अधिकारी सीपी अवस्थी आदि मौजूद रहे।