कन्नौज। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के तहत मंगलवार को चयनित 30 रसोइयों की बीएसए कार्यालय पर पाक कला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें स्वादिष्ट तहरी बनाने वाले तीन रसोइयों को चयनित कर नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। इसमें गुगरापुर के नौरंगपुर प्राथमिक विद्यालय की संध्या को सर्वश्रेष्ठ स्वाद के चलते 3500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं, उमर्दा के कन्या प्राथमिक विद्यालय की रानी को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 2500 रुपये नकद और नौरंगपुर प्राथमिक विद्यालय की आरती को तृतीय पुरस्कार के रूप में 1500 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य प्रतिभागी रसोइयों को सांत्वना पुरस्कार और यात्रा भत्ता डीबीटी के माध्यम से दिया जाएगा।
बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि 28 अगस्त को मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के पत्रांक में विद्यालयाें में भोजन बनाने वाले 30 रसोइयों को चयनित कर प्रतियोेगिता आयोजित करने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के अनुमोदन में बीएसए कार्यालय प्रांगण में पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका 10 छात्र-छात्राओं ने निभाई। सभी चयनित 30 रसोइयों से तहरी बनवाई गई। इस दौरान डीआईओएस पप्पू सरोज, राजकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल की गृह विज्ञान शिक्षिका रश्मी राठौर, डॉ. अमिता पटेरिया समेत विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।