क्षेत्र के ग्राम गुबरिहा में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिरने से आठ किसानों की लगभग 30 बीघा गेहूं की फसल राख हो गई। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसडीएम ने निरीक्षण कर पीड़ित किसानों को मदद का भरोसा दिया।
रविवार की दोपहर क्षेत्र के ग्राम गुबरिहा और गढ़िया पाह के किसान अपने खेतों पर काम कर रहे थे, तभी सौरिख से चपुन्ना जाने वाली हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर आ गिरा। गेहूं की फसल में आग लग गई। तेज चल रही पछुआ हवा ने आग को विकराल रूप धर लिया। किसानों ने मिट्टी-पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना के करीब एक घंटे बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, आग पर काबू पाया जा सका। लपटों से खेत में खड़ा एक पेड़ भी जल गया।
आग में ग्राम गुबरिहा के सतीश चंद्र व मनीष चंद्र की छह-छह बीघा, शांति स्वरूप की साढ़े चार बीघा, रामसेवक व वीरपाल की चार-चार बीघा, अमर सिंह व विद्यावती की ढाई-ढाई बीघा, राजेश की दो बीघा गेहूं की फसल राख हो गई। खेत के पास खड़ी शांतिस्वरूप के लड़के राजू की बाइक भी आग लगने से जल गई। उपजिलाधिकारी उदयवीर सिंह व नायब तहसीलदार अवनीश कुमार ने क्षति का जायजा लेते हुए क्षेत्रीय लेखपाल श्रीपाल वर्मा को मुआवजे की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। आग से लगभग 30 बीघा गेहूं की लाखों रुपये कीमत की फसल जल जाने से पीड़ित किसानों की महिलाएं रोती-बिलखतीं रहीं।
ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर की लाइन बदलवाने की मांग
खड़िनी। फसल जलने के बाद किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। बताया कि सौरिख से चपुन्ना जाने वाली एचटी लाइन लगभग 55 साल पुरानी है। इसके तार जीर्ण-शीर्ण होकर हवा में झूलते हैं। तेज हवा के झोंके से कई बार तार टूट चुके हैं। रविवार को हुए हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लाइन बदलवाने की मांग की।
अग्निपीड़ितों को मुआवजा दिलाने की मांग
खड़िनी। प्रधान सुरेंद्र सिंह तोमर, प्रधान देवेंद्र वर्मा, पूर्व प्रधान विजय वर्मा, पूर्व प्रधान भूपेंद्र सिंह भदौरिया ने अग्निपीड़ितों को मुआवजा दिलाने और लाइन बदलवाने की मांग की है। बताया इस लाइन में दस-दस फिट पर ज्वाइंट लगे हैं। साथ ही एक दमकल वाहन ब्लॉक मुख्यालय पर हमेशा मौजूद रहने की मांग की।