कन्नौज। तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर बुधवार की देर रात मार्ग दुर्घटना में तीन लोगों की मौके के बाद कानपुर उपचार के लिए जाते समय चालक ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने गुरुवार को चारों शव के पोस्टमार्टम कराए।
बुुधवार को शहर के मोहल्ला मकरंद नगर यूसुफपुर भगवान निवासी अवधेश मिश्रा अपने नाती देवांश (8) जेया (4) परिवार के गोलू (13) और राजू (40) के साथ तिर्वा कस्बे में एक कार्यक्रम में शामिल होकर स्विफ्ट डिजायर कार से लौट रहे थे। कार मकरंदनगर के मोहल्ला अलाउद्दीनपुर निवासी अनस (20) पुत्र रफीक मोहम्मद चला रहा था।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव भुगैतापुर के निकट स्थित आशा पब्लिक स्कूल के सामने सड़क के किनारे खराब खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में कार जा घुसी। इसमें अवधेश मिश्रा, देवांश, गोलू की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कार चालक अनस को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया था। रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
घायल राजू को भी गंभीर हालत कानपुर में भर्ती कराया गया। गुरुवार सुबह तिर्वा कोतवाली पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया। घटना की जानकारी होते ही सगे संबंधियों व रिश्तेदारों व जनप्रतिनिधियों की पोस्टमार्टम हाउस में भीड़ लगी रही। सपा नेता नवाब सिंह यादव भी कई अन्य कार्यकर्ताओं के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मृतकों के घरों पर शोक संवेदना प्रकट करने वाले की भीड़ लगी रही।