इंदरगढ़ थानाक्षेत्र के पट्टी बड़नपुर गांव में बन रहे डेयरी मिल्क प्लांट में सिक्योरिटी का काम लेने को लेकर दो गुटों में शुक्रवार शाम जमकर लाठी-डंडे चल गए। इस संघर्ष में अमर सिंह यादव (70) पुत्र घासीराम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को 108 एंबुलेंस से मेडिकल कालेज तिर्वा लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले को लेकर अभी तक इंदरगढ़ थाने में किसी पक्ष की ओर कोई तहरीर नहीं दी गई है।
विदित हो कि पिछले दो माह से सिक्योरिटी एजेंसी को लेकर गांव के संदीप यादव व दीपू यादव के मध्य वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। इस मुद्दे पर सपा के शीर्ष नेताओं तक पहुंचा। करीब 15 दिन पूर्व सपा के जिला कार्यालय में इस पर मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों को बुलाकर गुपचुप तरीके से सुलह कराने का प्रयास किया गया। लेकिन मामला नहीं सुलझा। इसी विवाद को लेकर शुक्रवार की देर शाम गांव में दोनो पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनो पक्षों में जमकर लाठियां चलीं।
जिसमें अमर सिंह घायल हो गए। सूचना मिलते ही उर्मदा चौकी प्रभारी उमेश चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को खदेड़ कर घायल अमर सिंह को मेडिकल कालेज भेजा। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। इंदरगढ़ थानाध्यक्ष अनवर अहमद ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस तैनात कर दी गई है। अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। अमर सिंह किस पक्ष से है, इस बारे में अभी जानकारी नहीं हो सकी है।