स्वच्छ भारत अभियान के तहत नगर के प्राइमरी स्कूल
समधन में सोमवार को जन जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर पंचायत चेयरमैन नकीम
अहमद व ईओ अवनीश शुक्ला ने नगर में स्थित दारा सराय प्राइमरी स्कूल में
प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छता अभियान को सफल बनाने को स्वच्छता पखवाड़ा
कार्यक्रम चलाया।
इसमें स्कूली बच्चों को स्वच्छता के बारे में जानकारी दी।
बताया कि बच्चे अपने घर के आसपास साफ सफाई रखें। कूड़ा करकट न फेंके।
साफ-सुथरे कपड़े पहनकर ही स्कूल जाएं। ईओ ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य
हैं। बच्चों को सफाई के लिए जागरूक करके बीमारियों को कम किया जा सकता है।
बच्चों के जरिए उनके अभिभावकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा
सकता है। बीमारियों का सबसे बड़ा कारण गंदगी है। उन्होंने सभी बच्चों से
नियमित सफाई करने, नाखून ज्यादा बड़े न रखने की सलाह दी। इसके बाद मोहल्ला
लोहिया नगर में नगर पंचायत के सभी सफाई कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई
गई।
सभासदों के अलावा नगरवासियों से भी सफाई अभियान को सफल बनाने में सहयोग
देने का आह्वान किया। ईओ ने दारा सराय स्थित झीलवाले तालाब में फैली
जलकुंभी को तत्काल हटवाकर सफाई कराने के निर्देश भी कर्मियों को दिए। इस
मौके पर वरिष्ठ लिपिक सुरेशचंद्र शाक्य, वकार अहमद, मो. यूसुफ, अशोक कुमार,
इरफान, सफाई नायक लालाराम व नरेश चंद्र मौजूद थे।