सकरावा (कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर थाना सकरावा पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
बिहार के जिला सिवान निवासी राना शिबू कुमार सिंह लखनऊ से कार से दिल्ली जा रहा था। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 146.100 कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। दुर्घटना में चालक शिबू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह हाईवे की एंबुलेंस तथा सेफ्टी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। प्राथमिक इलाज के बाद घायल चालक को मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेज दिया। वहीं, थाना सकरावा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी ली और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।