डीजीपी के फरमान के बाद शनिवार को एसपी से लेकर
सिपाही तक सड़कों पर उतरे और लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया। कई स्थानों
पर रुककर आने-जाने वालों से पूछताछ की। तलाशी अभियान भी चलाया। इस दौरान
बगैर नंबर की बाइक, बिना कागजात व ओवरलोड टेंपो व अन्य वाहनों के चालान
किए। दंगाग्रस्त क्षेत्रों में भी एसपी पैदल घूमे।
एसपी दिनेश कुमार पी
शनिवार दोपहर बाद मकरंदनगर पहुंचे। चिरैयागंज के पास कार से उतरे और
काफिले के साथ पैदल चल पड़े। इस दौरान जगह रुककर राहगीरों व दुकानदारों से
पूछताछ की। सामने से एक ओवरलोड टेंपो आता दिखाई पड़ा, जिसे तत्काल रुकवाने
के बाद कागजात मांगे।
सवारियों को गंतव्य तक भिजवाने के बाद टेंपो को
कोतवाली ले जाया गया। एसपी ने कई दुकानदारों से खड़े होकर वार्ता की और
उन्हें सीसीटीवी कैमरे दुकान के अंदर व बाहर लगवाने की नसीहत दी। काफी देर
तक लाखन चौराहे पर खड़े होने के बाद एसपी व एएसपी चूड़ी वाली गली के
बीचोबीच से पैदल गुजरते हुए सब्जी मंडी पहुंचे।
यहां से सर्राफा बाजार का
भ्रमण किया और सर्राफा व्यवसायियों से मुलाकात कर एक चौकीदार रखने एवं
दुकान के अंदर-बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि
कई दुकानदार एक साथ मिलकर एक चौकीदार तैनात कर दुकानों की रात के वक्त
निगरानी कराएं।
व्यापारी नेता चंद्रप्रकाश वर्मा ललइयां से भी तत्काल
सीसीटीवी कैमरे लगवाने को कहा तो उन्होंने जल्द ही सीसीटीवी लगवाने की बात
कही। भ्रमण के दौरान कई बिना नंबर की बाइक, तीन सवारी बैठाकर चलने वाली
बाइक व नाबालिग बाइक चलाते जो लोग मिले, उनको कोतवाली में खड़ा कराया गया।
बाद में सभी बाइकों के चालान काटे गए। एएसपी ने बैंक शाखाओं का भी निरीक्षण
किया। इस दौरान पंजाब सिंध एंड बैंक ग्वाल मैदान में सायरन खराब मिला।
काफी प्रयास के बावजूद वह नहीं बजा। इंडियन ओवरसीज बैंक का सायरन बज तो
गया, पर बंद नहीं हुआ। इस दौरान कोतवाल श्यामवीर यादव, कला चौकी प्रभारी
शिवनारायन मिश्रा, रजनेश यादव, आरके सिंह आदि मौजूद थे।