ससुर की तेरहवीं से घर लौटने के दौरान लापता युवक का शव पांच दिन बाद बंद पड़े नलकूप के कुएं में मिला। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम के साथ पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। मृतक की पत्नी और भाई ने विवाद के चलते एक रिश्तेदार पर हत्या का आरोप लगाया है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सरायप्रयाग निवासी सुनील कुमार जाटव (35) की ससुराल कोतवाली क्षेत्र के गांव जलालाबाद में ससुराल है। करीब 20 दिन पहले उसके ससुर पप्पू की मौत हो गई थी।
ससुर की मौत के बाद से उसकी पत्नी सीमा देवी दो लड़कियां और एक छह माह के बच्चे के साथ मायके में है। बीते मंगलवार को ससुर पप्पू की तेरहवीं थी। तेरहवीं के बाद सुनील घर के लिए पहुंचा।
घर न पहुंचने पर सीमा देवी और सुनील के भाई प्रमोद ने आसपास व रिश्तेदारों से फोन कर तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह सरायप्रयाग में सूलनपुर मार्ग पर करीब पांच साल से बंद पड़े राकेश कुमार यादव नलकूप की ध्वस्त कोठरी से बदबू आने के बाद ग्रामीणों ने अंदर जाकर देखा तो एक पैंट और चप्पलें रखीं दिखाईं दीं।
इसके बाद ग्रामीणों ने कुएं के अंदर टार्च देखा तो करीब 40 फिट की गहराई पर एक युवक का शव दिखाई। सूचना मिलते ही कोतवाल महेंद्र सिंह गौतम के पहुंचने के बाद फोरेंसिक टीम लेकर सीओ सदर लक्ष्मीकांत गौतम ने पहुंच कर छानबीन शुरू की।
मृतक की पत्नी सीमा देवी और भाई प्रमोद कुमार ने विवाद के चलते एक रिश्तेदार पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। सीओ ने बताया कि पांच दिन पहले की लाश होने के कारण खराब हो चुकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।