तालग्राम। छह दिन से लापता युवक का क्षतविक्षत शव गुरुवार को बिरौली पुलिया के नाले में पड़ा मिला। एक जून को गुरसहायगंज कोतवाली में युवक गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने कपड़ों से युवक की शिनाख्त की।
तालग्राम-तेराजाकट मार्ग पर बिरौली स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय माॅडल विद्यालय के निकट पुलिया के नाले में सुबह आठ बजे श्याम सिंह व हरिभान सिंह ने युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पर उप निरीक्षक दिनेश चंद्र और शिवशंकर लाल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के मीरपुर निवासी जीतू ने कपड़ों से शव की शिनाख्त बड़े भाई रामू (22) के रूप में की। उन्होंने बताया कि बड़े भाई मानसिक रूप से बीमार थे। 31 मई की सुबह पांच बजे वह घर से बिना बताए निकल गए थे। तब से उनकी तलाश की जा रही थी।
एक जून को गुरसहायगंज कोतवाली में भाई की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रामू अविवाहित थे। परिवार में मां सुनीता, पिता मदनलाल हैं। थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।