छिबरामऊ। आंगन में पड़े जाल में किशोरी का शव फंदे पर लटकता मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से उतार लिया गया। परिजनों ने हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छिबरामऊ क्षेत्र के ग्राम बहवलपुर निवासी महिला के तीन बेटियां व एक बेटा है। मंगलवार को वह बच्चों के साथ धान की कटाई करने गई थी। घर में एक बेटी (17) अकेली थी। खेतों से परिजन जब घर लौटे तो बेटी का शव आंगन में पड़े जाल में फंदे पर लटका मिला। बेटी को लटका देख परिजनों में चीखपुकार मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया।
सीओ ओमकार नाथ शर्मा व कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मां ने नगर के एक युवक पर दो सालों से संबंध बनाकर प्रताड़ित करने और हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। साथ ही शिकायत करने पर युवक, उसके पुत्र व पत्नी पर गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।