अमोलर-तालग्राम। थाना क्षेत्र के ताहपुर-अमोलर मार्ग पर बुआ के घर से दादी और बहन को लेकर बाइक से लौट रहे युवक को ट्रक ने रौंद दिया। ट्रक के पहिये में फंसकर बाइक सवार कई मीटर घिसटता चला गया।
वृद्धा के ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल भाई-बहन कानपुर में मौत से जूझ रहे हैं। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत भाग निकला। पुलिस ने ट्रक की तलाश के लिए थाना क्षेत्र की सीमाएं सील कर दीं है। देर शाम तक ट्रक पकड़ा नहीं जा सका है।
अमोलर गांव निवासी सर्मेंद्र सिंह की मां रामबेटी (60) बेटी सुमन के घर नादेमऊ खरकपुर शुक्रवार को गई थीं। दादी के साथ नातिन काजल भी गई थी। शनिवार को सर्मेंद्र का पुत्र हिमांशु (20) बाइक से दादी व बहन को लेने बुआ के घर गया था।
सुबह बाइक से लौटते समय चौतराहार गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक में बाइक टकरा गई। बाइक ट्रक के पहिए में फंस गई और कई मीटर तक घिसटती चली गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बाइक सवारों को ट्रक में फंसा देख शोर मचा दिया।
फिर ट्रक चालक ने गाड़ी तेज कर दी। जिससे वृद्धा रामबेटी के सिर पर ट्रक का पहिया चढ़ जाने से मौत हो गई। ट्रक चालक ट्रक लेकर भाग निकला। वहीं दोनों घायल बहन भाई को गंभीर हालत में पुलिस ने निजी वाहन से गुरसहायगंज भेजा। जहां से गंभीर हालत में दोनों को कानपुर रेफर किया गया है। समाचार लिखे जाने तक भाई-बहन की हालत गंभीर बनी हुई है।