उमर्दा। तिर्वा-बेला मार्ग पर शुक्रवार की देर रात उमर्दा कस्बे की टूटी पुलिया से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मध्यप्रदेश के दतिया के थाना बिरौली के ग्राम राजपुर के युवक की मौत हो गई।
युवक पत्नी और बच्चों के साथ तिर्वा के शास्त्री नगर में किराए के मकान में रहता था और ठेली लगाता था। सुबह परिजन युवक की तलाश में निकले तो उसका शव पड़ा मिला।
मध्यप्रदेश के दतिया के थाना बिरौली के ग्राम राजपुर निवासी मिथिलेश (30) पत्नी भूरी और बेटी डोली व बेटे बबलू के साथ तिर्वा के शास्त्री नगर में सुनील शर्मा के मकान में रहता था। मिथिलेश तिर्वा कस्बे में पानी के बताशे की ठेली लगाता था और उसका भाई औरैया के बेला में ठेली लगाता है। परिजनों ने बताया कि मिथिलेश शुक्रवार को बाइक से भाई से मिलने बेला गया था। रात 9: 45 बजे पत्नी भूरी को फोन किया कि बेला से निकल चुके हैं। थोड़ी देर में घर पहुंच जाएंगे।
तिर्वा-बेला मार्ग पर उमर्दा कस्बे में मिथिलेश की बाइक अनियंत्रित होकर टूटी पुलिया से टकरा गई और वह उछलकर पत्थरों पर जा गिरा। रात भर घायलावस्था में मिथिलेश पड़ा रहा।
उधर, मिथिलेश के घर न पहुंचने पर पत्नी को चिंता हुई तो उसने मोबाइल नंबर पर कॉल की पर बंद था। इसके बाद देवर लल्लीराम को कॉल की। सुबह परिजन मिथिलेश को खोजने के लिए निकले। शौच करने निकले ग्रामीणों ने शव को पड़ा देखा और पुलिस को हादसे की जानकारी दी। वहीं, परिजन भी खोजते हुए घटनास्थल पर पहुंच गए और शव की शिनाख्त मिथिलेश के रूप में की। हादसे के बाद परिजनों में चीखपुकार मच गई। इंदरगढ़ थाना प्रभारी पारुल चौधरी ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।