कन्नौज। इत्रनगरी अब अपनी खुशबू के साथ-साथ आधुनिक कृषि तकनीकों के लिए भी वैश्विक पटल पर नई पहचान बनाने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में उमर्दा स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल की हाईटेक नर्सरी के पौधे अपनी छटा बिखेरेंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर उद्यान विभाग द्वारा एक विशेष स्टाल लगाया जाएगा। इसमें रोग-प्रतिरोधी और उन्नत किस्म की सब्जियों के पौधे प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण इजरायली-भारतीय तकनीक से तैयार ब्रिमेटो ग्राफ्टेड पौधे होंगे। इस अनूठी तकनीक के तहत दो अलग-अलग पौधों के हिस्सों को जोड़कर एक नया पौधा तैयार किया जाता है, जिससे एक ही पौधे में टमाटर और बैंगन दोनों की पैदावार संभव होती है।
इसके अतिरिक्त टमाटर, मिर्च, शिमला मिर्च, करेला और तरोई जैसी सब्जियों के ग्राफ्टेड पौधे भी किसानों और आगंतुकों के लिए उपलब्ध रहेंगे। कृषि और उद्यान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरे उत्तर प्रदेश से केवल तीन जिलों कन्नौज, हापुड़ और कुशीनगर का चयन आयोजन के लिए हुआ है। इत्रनगरी का प्रतिनिधित्व जिला उद्यान अधिकारी आशीष कटियार और सेंटर प्रभारी प्रवीन कुमार स्वयं एक्सपो मार्ट में उपस्थित रहकर करेंगे।
उमर्दा का यह सेंटर लगातार किसानों की आय और पैदावार बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकें विकसित कर रहा है। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में भागीदारी से देश-विदेश के किसानों को आधुनिक बागवानी की नई प्रेरणा मिलेगी और इत्र के साथ-साथ हाईटेक एग्रीकल्चर हब के रूप में उभरेगा।